नाबालिग बालिका का रेस्क्यू, छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश नेटवर्क उजागर, 5 आरोपी गिरफ्तार,विधि से संघर्षरत बालिका भी शामिल
छत्तीसगढ़।रायगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी एवं नाबालिग बालिका के शोषण से जुड़े एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित मुक्त कराते हुए गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
झांसे में लेकर किया सौदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता को उसकी परिचित द्वारा काम दिलाने का झांसा देकर रायगढ़ लाया गया, जहां पहले से सक्रिय गिरोह के सदस्यों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे मध्यप्रदेश ले जाकर लगभग डेढ़ लाख रुपये में एक व्यक्ति को बेच दिया और जबरन विवाह करा दिया।
रेस्क्यू के बाद हुआ खुलासा
पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वापस रायगढ़ पहुंची, जहां पुनः उसे बहलाकर देह व्यापार में धकेला गया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य आपस में समन्वय कर नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर बेचने और देह व्यापार में धकेलने का कार्य कर रहे थे।
अंतरराज्यीय कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से नगद राशि एवं मोबाइल जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियो में सिरिन बानू उर्फ पूजा उर्फ बॉबी उर्फ चाची पति मोह. वकील उम्र 45 वर्ष सा. बीड़पारा रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ बिंदिया रात्रे पिता स्व. रामलाल रात्रे उम्र 23 वर्ष सा. इंदिरा नगर भोला गली रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ मोह. दानिश उर्फ चीकू पिता मोह. वकील उम्र 20 वर्ष सा. बीड़पारा रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ सुनील दिक्षित पिता बाबूलाल दिक्षित उम्र 37 साल निवासी बिलवार थाना गुजगंज जिला छतरपुर शामिल है।इनमे विधि से संघर्षरत बालिका की भी गिरफ्तारी हुई है।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
सभी आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म, मानव तस्करी एवं पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही करते हुए पीड़िता को सुरक्षित मुक्त कराया और गिरोह का पर्दाफाश किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा मानव तस्करी एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
प्रधान संपादक


