Explore

Search

April 15, 2026 10:07 pm

करोड़ों की लागत से बदल रहा पुसौर का स्वरूप: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

लाइब्रेरी, पुष्पवाटिका और तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर, 13 अप्रैल 2026। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने पुसौर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन लाइब्रेरी भवन, पुष्पवाटिका उद्यान, चंदन तालाब सहित अन्य परियोजनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके पश्चात नगर पंचायत पुसौर के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया। अधिकारियों से अद्यतन जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है, ताकि आमजन को सीधा लाभ मिल सके।

वित्त मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि संयुक्त प्रयासों से ही क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास संभव है। उन्होंने पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से भी विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत पुसौर में पुष्पवाटिका उद्यान निर्माण हेतु लगभग 2.92 करोड़ रुपये, बोरोडीपा चौक से कॉलेज तक बीटी रोड एवं नाली निर्माण के लिए 4.08 करोड़ रुपये, चंदन तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 2.10 करोड़ रुपये तथा लाइब्रेरी भवन निर्माण के लिए करीब 99.12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त तेलीतार तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य भी प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर नगर पंचायत पुसौर के अध्यक्ष श्मानी मोहित सतपथी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS