Explore

Search

April 10, 2026 6:25 pm

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन अंकुश में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ पुलिस सट्टा खाईवालों और सट्टा लिखने वालों के साथ-साथ सट्टा खेलने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करेगी”

रायगढ़, 10 अप्रैल 2026।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। इसी क्रम में पुलिस ने आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले नेटवर्क पर दो बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 को साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि बोईरदादर स्थित गुरूकृपा प्रोविजन स्टोर के पास दो व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से कोलकाता और लखनऊ के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर बॉल टू बॉल सट्टा लिख रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश देकर मौके से पंकज जय सिंह एवं जयदेव मित्रा को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे तथा लेनदेन UPI के माध्यम से किया जा रहा था। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे मुख्य सट्टा खाईवाल शानू बेरीवाल के लिए सट्टा लिखते थे, जो वर्तमान में फरार है और उसकी तलाश जारी है।

मौके से पुलिस ने एक वीवो और एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया है, जिनमें ऑल पैनलेक्स और जलवा -247 जैसे सट्टा साइट्स सक्रिय पाई गईं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

फरार खाईवाल एजाज उर्फ मन्नू भी गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पूर्व प्रकरण में फरार चल रहे सट्टा खाईवाल एजाज अहमद उर्फ मन्नू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि 19 फरवरी 2026 को जमुनाईन चौक स्थित एक दुकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत बत्रा को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान एजाज उर्फ मन्नू का नाम मुख्य खाईवाल के रूप में सामने आया था, जिसकी तलाश जारी थी।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ पुलिस सट्टा खाईवालों और सट्टा लिखने वालों के साथ-साथ सट्टा खेलने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और अभियान में सहयोग करें।

कार्रवाई में शामिल टीम

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS