Explore

Search

February 28, 2026 12:27 pm

प्रेमी के घर पर तीन दिन रही युवती, रोशनदान में फांसी पर लटकी मिली लाश

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवती तीन दिन पहले धनगंवा गांव में रहने वाले अपने प्रेमी के घर गई थी, जहां शुक्रवार सुबह उसकी लाश कमरे के रोशनदान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।



मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार निवासी मल्लिका कुर्रे पढ़ाई के बाद घर पर ही रहती थी। जानकारी के अनुसार मल्लिका मंगलवार को मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। कुछ समय बाद धनगंवा निवासी उसके प्रेमी राजू लहरिया ने मल्लिका के परिजन को फोन कर बताया कि वह उसके घर पहुंच गई है और परिजन उसे घर ले जाएं। परिजन ने युवती के स्वयं घर छोड़कर जाने की बात कहते हुए उसे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद मल्लिका राजू के घर पर ही रहने लगी। शुक्रवार सुबह राजू के घर के एक कमरे में मल्लिका की लाश रोशनदान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इसकी जानकारी राजू और उसके परिजनों ने आसपास के लोगों और कोटवार को दी। सूचना पर मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी धनगंवा पहुंचे और प्रेमी व उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।


अंतिम संस्कार रोका, चौकी के सामने हंगामा
घटना के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। देर रात तक शव वाहन में ही रखा रहा और परिजन चौकी के सामने धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि शादी से इनकार के चलते युवती की हत्या की गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
मृतका के जीजा ने बताया कि मल्लिका और राजू के बीच करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती राजू के साथ रहने पर अड़ी थी, जबकि राजू और उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। बताया गया है कि मंगलवार को राजू के परिवार ने इस संबंध में पुलिस को भी सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाइश दी और परिजनों की सहमति से विवाह की सलाह दी थी, लेकिन युवती अपने निर्णय पर अड़ी रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS