बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। सीवी रामन विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम से लौटते समय उनकी तेज रफ्तार बाइक अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरतराई निवासी प्रकाश लहरे (21) सोमवार को सीवी रामन विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 10 बजे वे अपने मित्र आयुष अनंत (17) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों युवक गांव के तेली मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि अंधे मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। ग्रामीणों ने तत्काल उनके परिजन को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। घटना से गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधा मोड़ हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेली मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
प्रधान संपादक


