Explore

Search

May 30, 2026 6:43 pm

युवक के अपहरण, मारपीट और लूट के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो व मोबाइल बरामद

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण, मारपीट और लूटपाट की घटना का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, लूटा गया मोबाइल फोन और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है।

रायगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना घरघोड़ा में 5 फरवरी 2026 को ग्राम रायकेरा निवासी 19 वर्षीय प्रीतराम चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 4 फरवरी की दोपहर करीब एक बजे वह गांव में ठण्डु यादव के घर के पास खड़ा था, तभी रोहित दास महंत, हलधर राठिया और उनके साथी राजू यादव बोलेरो वाहन से वहां पहुंचे और जबरन उसे वाहन में बैठा लिया।

आरोप है कि तीनों युवक गाली-गलौज करते हुए मारपीट करते रहे और उसे रायकेरा से ग्राम कया ले गए। वहां लकड़ी के डंडे और हाथ-मुक्कों से दोबारा पिटाई की गई। आरोपियों ने आबकारी विभाग को शराब बिक्री की सूचना देने की रंजिश के चलते मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और पीड़ित का मोबाइल फोन लूट लिया। बाद में उसे रस्सी से बांधकर ग्राम कया के पास छोड़ दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल दबिश दी गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को रायकेरा से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित दास महंत (40), हलधर राठिया (30), दोनों निवासी रायकेरा डोंगरीपारा थाना घरघोड़ा तथा राजू यादव (33) निवासी ग्राम सिंघनपुर थाना कोसीर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। बरामद सामग्री के आधार पर प्रकरण में लूट की अतिरिक्त धारा भी जोड़ी गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS