सकारात्मक, निरपेक्ष और स्वतंत्र अभिव्यक्ति में विरासत की भूमिका पर होगा मंथन
वर्धा, 06 फरवरी।इंटेलेक्चुअल सोसाइटी ऑफ मीडिया प्रमोटर्स की ओर से 7 एवं 8 फरवरी को द्वितीय वर्धा एजीएम विरासत मीडिया प्रमोटर्स संगोष्ठी का आयोजन राष्ट्रभाषा प्रचार समिति वर्धा में किया जाएगा। संगोष्ठी में सकारात्मक निरपेक्ष और स्वतंत्र अभिव्यक्ति में विरासत की भूमिका विषय पर व्यापक चर्चा होगी।
संगोष्ठी का उद्घाटन शनिवार को प्रातः 10 बजे होगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सर्वोदय मंडल एवं ग्राम सेवा मंडल वर्धा के अध्यक्ष चिन्मय मिश्र मुख्य अतिथि होंगे। अमरावती की सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश वीणा तांबी, धरामित्र वर्धा के अध्यक्ष डॉ. तारक काटे तथा राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के प्रधान मंत्री डॉ. हेमचंद्र वैद्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएसएमपी के चेयरमैन चंद्रशेखर करेंगे। आईएसएमपी महाराष्ट्र के चेयरमैन कौशल मिश्र कार्यक्रम की भूमिका रखेंगे।
संस्थान का परिचय बी.एस. मिरगे देंगे जबकि प्रणाम पर्यटन पत्रिका के संपादक प्रदीप श्रीवास्तव संगोष्ठी की अवधारणा प्रस्तुत करेंगे। अतिथियों द्वारा विरासत शीर्षक से प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निलिमा मुणोत करेंगी तथा आभार प्रदर्शन एडवोकेट ताम्रध्वज बोरकर करेंगे।
विभिन्न सत्रों में होंगे विशेषज्ञों के व्याख्यान
प्रथम सत्र में ‘मीडिया प्रोफेशन की युवा पीढ़ी से लोक आकांक्षाएं विषय पर शासकीय पत्रकारिता महाविद्यालय रायपुर के जनसंचार विशेषज्ञ डॉ. शाहिद अली संबोधित करेंगे।
द्वितीय सत्र में युवाओं पर सोशल मीडिया का प्रभाव विषय पर मुंबई के भोजपुरी फिल्म निर्माता लालजी गुप्ता विचार रखेंगे। हिंदी भाषा का विवाद और संकीर्ण राजनीतिक भाव विषय पर महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार दुबे वक्तव्य देंगे। वहीं पर्यावरण वन्यजीव संरक्षण एवं स्व. मारुती चितमपल्ली का योगदान विषय पर सामाजिक वनीकरण विभाग के उपवनसंरक्षक सुहास बढ़ेकर संबोधित करेंगे।
दोपहर दो बजे आयोजित सत्र में महात्मा गांधी और स्वतंत्रता संग्राम के समय पत्रकारिता का स्वरूप विषय पर चंद्रपुर के वरिष्ठ पत्रकार राजेश मडावी तथा महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के जनसंचार विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजेश लेहकपुरे अपने विचार रखेंगे।
तीन बजे के सत्र में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में पत्र-पत्रिकाओं की भूमिका विषय पर प्रणाम पर्यटन पत्रिका के संपादक प्रदीप श्रीवास्तव गांधी और पर्यावरण विषय पर डॉ. अमित विश्वास तथा खादी प्रतिष्ठान सोदपुर एवं महात्मा गांधी विषय पर सहायक प्रोफेसर डॉ. अनिर्बाण घोष संबोधित करेंगे।
समापन सत्र व वन भ्रमण कार्यक्रम
शाम 4:30 बजे समापन सत्र इंडो किड्स इंग्लिश स्कूल, कबनूर कोल्हापुर के निदेशक एन.एन. काजी की अध्यक्षता में होगा। इस अवसर पर महात्मा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, सेवाग्राम के पूर्व अधिष्ठाता डॉ. ओमप्रकाश गुप्ता तथा महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के दर्शन एवं संस्कृति विभाग के अध्यक्ष डॉ. विपीन कुमार पांडेय मुख्य अतिथि होंगे।
रविवार, 8 फरवरी को वन भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत गारपीठ एवं पांजरा बांगला परिसर में आदिवासी समुदाय से संवाद तथा औषधीय वनस्पतियों की जानकारी का सत्र आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम स्वर्गीय मारुती चितमपल्ली परिसर में संपन्न होगा। संगोष्ठी में पर्यावरण पत्रकारिताफिल्म एवं सोशल मीडिया से जुड़े देशभर के विद्वान सहभागिता करेंगे।
प्रधान संपादक


