Explore

Search

February 20, 2026 6:35 am

अनजान APK लिंक बना घातक, 5 लाख की साइबर ठगी का शिकार हुआ अस्पताल कर्मी

एसएसपी रजनेश सिंह ने किया सतर्क, बोले,जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव

बिलासपुर।साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगने में जुटे हैं। ताजा मामला बिलासपुर के आनंद नगर, उसलापुर से सामने आया है, जहां एक अस्पताल कर्मचारी को फर्जी एपीके लिंक के जरिए 5,00,199 रुपये की साइबर ठगी का शिकार बना लिया गया।

पीड़ित ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि 03 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर वॉट्सऐप के माध्यम से एक संदेश प्राप्त हुआ। भेजने वाले नंबर की डीपी में परिवहन विभाग का लोगो लगा हुआ था। मैसेज में एक APK लिंक भेजते हुए पीड़ित की मोटर सायकल का नंबर लिखा गया था और दावा किया गया था कि वाहन का ई-चालान कटा है।

वाहन नंबर सही होने के कारण पीड़ित को संदेश पर विश्वास हो गया और उसने चालान देखने के लिए लिंक पर क्लिक कर दिया। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि शुरू हो गई और महज पांच मिनट के भीतर यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में खाते से 5,00,199 रुपये निकल गए।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध, जांच शुरू

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह की सख्त अपील

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस आम नागरिकों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें WhatsApp पर आने वाली APK फाइल बिल्कुल डाउनलोड न करें बैंक UPI OTP या पर्सनल जानकारी किसी से साझा न करें किसी भी संदेहजनक मैसेज की तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें

एसएसपी ने बताया एपीके फाइल क्या है

APK (Android Package Kit) एंड्रॉइड सिस्टम में ऐप इंस्टॉल करने की फाइल होती है। साइबर ठग इसी माध्यम से मोबाइल में मैलवेयर डालकर बैंकिंग और यूपीआई ऐप्स का एक्सेस हासिल कर लेते हैं।

एसएसपी का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि परिवहन विभाग या कोई भी सरकारी एजेंसी कभी व्हॉट्सएप के माध्यम से एपीके लिंक भेजकर चालान की सूचना नहीं देती।उन्होंने आम जनता से अपील की है कि सावधानी ही सुरक्षा है। जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों की सबसे बड़ी हार हैं।अनजान लिंक बहुत बड़ा खतरा एक क्लिक पूरी जमा-पूंजी साफ कर सकता है इसलिए सजग रहें ।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS