Explore

Search

January 13, 2026 8:43 pm

महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का मयाली में समापन, सड़क सुरक्षा को लेकर सजल ग्रुप की अनूठी पहल

जशपुर।जशपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत संचालित 11 दिवसीय महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का समापन कुनकुरी विकासखंड के ग्राम मयाली में किया गया। यह अभियान जिले में 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया गया, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं अपराधों से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।

समापन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, यूनीसेफ के स्वयंसेवक, जय हो की टीम, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 500 से अधिक लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने महिला सशक्तिकरण को आत्मनिर्भरता और स्वयं की पहचान से जोड़ते हुए महिलाओं से नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता सिंह ने शासन की महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा को सामाजिक विकास की कुंजी बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह, नशे के दुष्प्रभाव, पोक्सो एक्ट, मानव तस्करी एवं टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों से सतर्क रहने की अपील की। साइबर यूनिट द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई, वहीं नोनी रक्षा दल के माध्यम से संचालित 24 घंटे की हेल्पलाईन सेवा (9479128400) की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।

इसी क्रम में कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर जशपुरनगर के सजल ग्रुप महिला समूह द्वारा एक प्रेरणादायी पहल की गई। महिलाओं ने कुनकुरी थाना क्षेत्र के मयाली में सड़क पर उतरकर हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को स्माइली बैज लगाकर सम्मानित किया, जबकि बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को गुलाब भेंट कर यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश दी गई। इस दौरान महिलाओं ने तेज गति, लापरवाही, नशे की हालत में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया।

सजल ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा कानून का भय नहीं, बल्कि जीवन के प्रति जिम्मेदारी की भावना है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस आगे भी विभिन्न सामाजिक समूहों के साथ मिलकर महिला एवं सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान संचालित करती रहेगी।

कार्यक्रम में एएसपी राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आशा लकड़ा, यूनीसेफ प्रतिनिधि सहित सजल ग्रुप और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। उपस्थित नागरिकों ने महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के लिए नियमों के पालन का संकल्प लिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS