नियुक्ति से साहू समाज में हर्ष, ओडिशा-छत्तीसगढ़ जोन में संगठन को मिलेगा नया विस्तार
Cbn36 रायपुर। अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा ने श्रीमती शीलू साहू को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति से साहू समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। संगठन ने उनके सामाजिक योगदान, सक्रिय नेतृत्व क्षमता और व्यापक अनुभव को देखते हुए यह जिम्मेदारी प्रदान की है।
श्रीमती शीलू साहू इससे पूर्व छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष एवं मुंगेली जिला पंचायत सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं। उन्हें सामाजिक, राजनीतिक एवं शासकीय सेवा का भी अनुभव प्राप्त है। उनके इसी बहुआयामी अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर महासभा को मिलेगा। विशेष रूप से ओडिशा-छत्तीसगढ़ जोन में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और समाज को एकजुट करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उनकी नियुक्ति से समाज में एकजुटता, शिक्षा के प्रसार, महिला सशक्तीकरण तथा सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
शीलू साहू को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है। समाज के लोगों ने विश्वास जताया है कि वे नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ निर्वहन करते हुए साहू समाज के संगठनात्मक विस्तार और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
प्रधान संपादक