Explore

Search

November 20, 2026 9:38 pm

ऑनलाइन सट्टा और हवाला के 25 करोड़ के साम्राज्य का खुलासा

बिलासपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, दुबई तक फैला नेटवर्क आया जांच के घेरे में

8 लाख नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और संपत्तियों के दस्तावेज बरामद; आरोपियों के खिलाफ LOC जारी, रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी

CBN36 बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला कारोबार के जरिए कथित तौर पर खड़े किए गए करोड़ों रुपये के साम्राज्य का बिलासपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की जांच में देश के कई राज्यों तक फैले सट्टा नेटवर्क, करोड़ों के लेन-देन और हवाला के जरिए रकम इधर से उधर करने के अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच में विदेश, विशेषकर दुबई में संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

13 नवंबर 2026 को पुलिस द्वारा की गई तलाशी में करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंक संबंधी दस्तावेज और महत्वपूर्ण संपत्ति दस्तावेज बरामद किए गए। वहीं करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को मिले हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर अब संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और उनके स्वामित्व की पड़ताल की जा रही है।

दुबई तक पहुंची जांच की आंच

पुलिस जांच में विदेशों में संपत्ति अर्जित किए जाने के संकेत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। इसके साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे मामले की जांच का दायरा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है।

पूरे आर्थिक नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

बिलासपुर पुलिस अब बैंक खातों के लेन-देन, हवाला नेटवर्क, संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों की कड़ियां जोड़ रही है। अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान के बाद BNSS की धारा 107 के तहत कुर्की की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जांच में सामने आए नाम

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामले में जो नाम सामने आए हैं उसके मुताबिक सुनील रोहरा, पिता दिलीप कुमार रोहरा।मनीष रोहरा, पिता दिलीप रोहरा।संदेही आकाश गोगा, निवासी जबलपुर शामिल है ।

सट्टेबाजों तक सीमित नहीं, पूरे नेटवर्क पर निशाना

बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उससे जुड़े पूरे संगठित वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करना और कथित अपराध से अर्जित संपत्तियों को कानून के दायरे में लाना है। अब जांच का केंद्र करोड़ों के लेन-देन, हवाला कारोबार और देश-विदेश में अर्जित संपत्तियों की कड़ियां हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS