उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया मरम्मत कार्य
प्रमुख मार्गों पर होगा डामर मजबूतीकरण, शहरी और ग्रामीण सड़कों की सुधरेगी स्थिति
CBN36 बिलासपुर, 22 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर बिलासपुर में बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के गड्ढे भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के लिए पैचवर्क किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों पर डामरीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
विभाग के अनुसार रामतला पहुंच मार्ग तथा महामाया चौक से सेंदरी मार्ग पर डामर मरम्मत का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इन मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुधारकर सड़क की सतह बेहतर बनाई जा रही है। बरसात से प्रभावित अन्य सड़कों पर भी पैचवर्क कर गड्ढे भरे जाएंगे।

शहर के छह प्रमुख मार्गों पर डामर मजबूतीकरण का कार्य शीघ्र शुरू होगा। इनमें राजेंद्र नगर चौक से तारबाहर चौक, महामाया चौक से देवकीनंदन चौक, नेहरू चौक से उसलापुर, संजय तरण पुष्कर से अग्रसेन चौक, पावरहाउस चौक से दर्रीघाट तथा सीपत से बलौदा मार्ग शामिल हैं।

इसके अलावा सोन से सोनसरी, मल्हार–चिल्हाटी, जोंधरा–सोन–बसंतपुर, खम्हरिया–सोठी–नवापारा तथा पत्रकार कॉलोनी पहुंच मार्ग पर भी निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इससे शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण अंचलों की सड़कों की स्थिति में भी सुधार होगा।
सड़कों की मरम्मत और मजबूतीकरण से नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों एवं व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार से यातायात सुगम होगा और सड़क सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
प्रधान संपादक