मुख्य सचिव ने सचिवों की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, iGOT प्रशिक्षण और MY Bharat पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण के दिए निर्देश
CBN36 रायपुर, 11 सितंबर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, महत्वपूर्ण कार्यों और विभिन्न पोर्टलों पर प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति संबंधी प्रकरणों का निराकरण उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभागों में सेवानिवृत्ति की नियत तिथियों के आधार पर विभागवार नियतकालिक सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
रिक्त और बैकलॉग पदों पर भर्ती में तेजी

बैठक में विभागों में रिक्त पदों और बैकलॉग के पदों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को सेटअप तैयार कर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और आवश्यक पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिवों से अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का समय पर निराकरण करने को कहा।
728 सेवाएं लोक सेवा गारंटी के तहत अधिसूचित
बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन और ग्रामीण विकास की योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक करीब 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।
हर अधिकारी-कर्मचारी को करना होगा iGOT प्रशिक्षण
मुख्य सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभाग की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के लिए प्रतिमाह एक से तीन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य किया गया है।
रिफॉर्म उत्सव में दिखेंगे विभागीय सुधार
मुख्य सचिव ने सभी विभागों से उनके स्तर पर किए गए महत्वपूर्ण सुधारों यानी रिफॉर्म की जानकारी तैयार करने को कहा। इन सुधारों और नवाचारों को आगामी रिफॉर्म उत्सव अभियान में प्रदर्शित किया जाएगा।
MY Bharat पोर्टल पर युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण
केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय के मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष के युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला समन्वयकों और प्राचार्यों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने को कहा गया है।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खनिज साधन विभाग एवं मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद सहित विभिन्न विभागों के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




