एसएसपी विजय अग्रवाल ने अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित, वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित विवेचना की सराहना
CBN36 दुर्ग, 11 सितंबर 2026। गंभीर पॉक्सो एवं हत्या के प्रकरण में वैज्ञानिक, प्रभावी और साक्ष्य आधारित विवेचना कर आरोपी को मृत्युदंड की सजा दिलाने वाली दुर्ग पुलिस की विवेचना टीम को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने प्रकरण की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान कर उनके प्रयासों की सराहना की।
विशेष न्यायालय (पॉक्सो), दुर्ग ने गंभीर पॉक्सो एवं हत्या के प्रकरण में आरोपी सोमेश यादव को दोषसिद्ध करते हुए मृत्युदंड से दंडित किया है। प्रकरण में पुलिस टीम ने वैज्ञानिक विवेचना पर जोर देते हुए डीएनए, एफएसएल, चिकित्सकीय और तकनीकी साक्ष्यों का समन्वित तरीके से संकलन किया। इन साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे आरोपी के विरुद्ध अभियोजन पक्ष का मामला मजबूत हुआ।
इन पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों का हुआ सम्मान
प्रकरण की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद्मश्री तंवर (आईयूसीएडब्ल्यू), निरीक्षक शिवप्रसाद चन्द्रा (थाना प्रभारी मोहन नगर), निरीक्षक श्रद्धा पाठक (थाना प्रभारी महिला थाना), उप निरीक्षक चेतन चन्द्राकर (थाना प्रभारी छावनी), उप निरीक्षक पारस ठाकुर (थाना मोहन नगर), सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र देशमुख और सहायक उप निरीक्षक संगीता मिश्रा सहित थाना मोहन नगर तथा एसीसीयू दुर्ग के संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और उप पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वैज्ञानिक विवेचना पर जोर

एसएसपी विजय अग्रवाल ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए गंभीर अपराधों की विवेचना में टीमवर्क, वैज्ञानिक तकनीक और साक्ष्य आधारित पुलिसिंग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। दुर्ग पुलिस के अनुसार गंभीर मामलों में साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन और उनका प्रभावी प्रस्तुतीकरण न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ विवेचना की गुणवत्ता बेहतर बनाने और दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाने के लिए वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित पुलिसिंग को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
प्रधान संपादक




