15 सितंबर को होगा पुरस्कार वितरण समारोह, दैनिक भास्कर के समन्वय संपादक आनंद निर्वाण होंगे मुख्य अतिथि
CBN36 वर्धा, 11 सितंबर 2026। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में हिंदी एवं पोषण माह के अंतर्गत विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए रंगोली एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार तथा विश्वविद्यालय के राजभाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी भवन में, जबकि पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता तुलसी भवन स्थित साहित्य विद्यापीठ में हुई। प्रतिभागियों ने हिंदी और पोषण से जुड़े विषयों को रंगों और चित्रों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इससे पहले 9 सितंबर को टाइपिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हिंदी एवं पोषण माह के तहत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है।
15 सितंबर को पुरस्कार वितरण

प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण समारोह 15 सितंबर को अपराह्न 3 बजे विश्वविद्यालय के तुलसी भवन स्थित गालिब सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह में दैनिक भास्कर के समन्वय संपादक आनंद निर्वाण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा करेंगी।
समारोह में हिंदी माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही हिंदी के महत्व, राष्ट्र की एकता और सांस्कृतिक पहचान में हिंदी की भूमिका तथा राजभाषा के रूप में हिंदी के व्यापक प्रयोग को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रेरणादायी प्रस्तुतियां भी होंगी।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों, कर्मचारियों और शोधार्थियों से पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
प्रधान संपादक




