Explore

Search

September 6, 2026 11:22 pm

CHP चौक हिंसा पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा: 3 महिलाओं समेत 5 और गिरफ्तार, अब तक 38 आरोपी जेल भेजे

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा”

CBN36 रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र के लिबरा स्थित CHP चौक पर दिसंबर 2025 में हुई हिंसा के मामले में रायगढ़ पुलिस ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पुलिस बल पर हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में अब तक 38 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत तमनार पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

आंदोलन के दौरान उग्र हुई थी भीड़

पुलिस के अनुसार गारे पेलमा सेक्टर-1 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों का धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी चल रही थी। प्रशासन और पुलिस लगातार आंदोलनकारियों से शांति बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील कर रहे थे।

27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक उग्र हो गया। पुलिस का आरोप है कि राजेश मरकाम, अनिल बेहरा समेत अन्य लोगों ने आंदोलनकारियों को उकसाया, जिसके बाद भीड़ ने पुलिस बल पर लाठी-डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इस दौरान पुलिस के वॉकी-टॉकी और सरकारी मोबाइल फोन भी लूट लिए गए।

सरकारी वाहनों में लगाई आग

पुलिस के मुताबिक उग्र भीड़ ने पुलिस दल को घेरकर लगातार पथराव किया। सड़क किनारे खड़े पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी गई। प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर जले वाहनों का नुकसान पंचनामा तैयार किया और घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए।

मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 307/2025 और 308/2025 दर्ज हैं। प्रकरण की विवेचना के दौरान 14 जुलाई 2026 को एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5)(क) भी जोड़ी गई।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

मामले में राजेश मरकाम को 1 जुलाई, अनिल बेहरा को 10 अगस्त और शिवशंकर प्रधान उर्फ शंकर गुप्ता को 2 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

अब पुलिस ने कमलेश सेठ, अम्बिका चौधरी, सुनाउ सिदार, तपस्विनी प्रधान और भगवति सिदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ और विवेचना में इनकी घटना में संलिप्तता की पुष्टि हुई। आरोपियों को 5 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

एसएसपी बोले- गंभीर अपराधियों को नहीं बख्शेंगे

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस ऐसे आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में ला रही है। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी और निष्पक्ष कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों की तलाश में ऑपरेशन क्लीन हंट आगे भी जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS