सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने दिए आवश्यक निर्देश
CBN36 बिलासपुर। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं पुलिस प्रशासन ने गणेश पूजा आयोजन समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों की विशेष बैठक आयोजित की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे एवं राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह बैठक पुलिस लाइन स्थित चेतना भवन में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक गणेश उत्सव समिति के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में पुलिस प्रशासन ने आयोजन समितियों को गणेश पंडालों में सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था के साथ सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समितियों से कहा गया कि आम नागरिकों के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और पंडाल आम रास्तों अथवा अत्यधिक व्यस्त स्थानों पर न बनाए जाएं।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजन के लिए जिला प्रशासन से नियमानुसार समय पूर्व अनुमति लेने तथा अनुमति में निर्धारित सभी शर्तों एवं निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की समझाइश दी। साथ ही आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सूची संबंधित थाना क्षेत्र में जमा कराने तथा पंडालों में समिति सदस्यों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर
पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड एवं वॉलिंटियर्स की व्यवस्था करने को कहा गया। पूजा पंडालों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों एवं माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप धीमी आवाज में करने के निर्देश दिए गए। पंडाल एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वस्थ एवं मर्यादित वातावरण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
किसी भी प्रकार के विवाद, झगड़े अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की गई। पंडालों की सुरक्षा को लेकर भी समितियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता

पुलिस प्रशासन ने गणेश उत्सव के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी। सामाजिक एवं धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत किसी भी प्रकार की अभद्र अथवा असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए समितियों को सजग रहने कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आस्था के इस बड़े आयोजन में सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हेलमेट और साइबर फ्रॉड के प्रति भी जागरूकता

बैठक में गणेश पूजा समितियों को यातायात जागरूकता के साथ हेलमेट की आवश्यकता एवं अनिवार्यता तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के संबंध में जागरूकता संदेश देने वाले होर्डिंग, फ्लेक्स और बैनर पंडालों के आसपास लगाने के निर्देश दिए गए। पंडालों के आसपास ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को व्यवस्था बनाए रखने में समिति सदस्यों से आवश्यक सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में बिलासपुर के समस्त गणेश उत्सव आयोजन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ पुनः बैठक आयोजित कर सुरक्षा एवं आवश्यक तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार, उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण सी. परिहार, शहरी थाना प्रभारीगण सहित शहर के विभिन्न गणेश उत्सव आयोजन समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




