Explore

Search

September 5, 2026 4:51 pm

घर विवाद में बड़े भाई पर टांगा से हमला, दो माह से फरार आरोपी गिरफ्तार

गांव लौटते ही घरघोड़ा पुलिस ने दबोचा, वारदात में इस्तेमाल लोहे का टांगा बरामद

CBN36 रायगढ़। घर के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई पर लोहे के टांगा से जानलेवा हमला करने के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने करीब दो माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का टांगा भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चिमटापानी निवासी महेत राम राठिया (50) ने चार जुलाई को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। छोटे भाई रूपधर राठिया (47) और मंझले भाई पुनीराम राठिया के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा था। रूपधर मकान को अपना बताते हुए परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलने की धमकी देता था।

विवाद के बाद टांगा से किया हमला

रिपोर्ट के मुताबिक, 22 जून की शाम महेत राम घर की परछी में अपने पिता गाडाराय राठिया और छोटे भाई रूपधर के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान घर से निकलने की बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रूपधर ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे लोहे के टांगा से बड़े भाई पर हमला कर दिया।

हमले में महेत राम के सिर, सिर के पीछे और बाईं आंख के पास गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। डायल-112 की मदद से घायल को घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका उपचार हुआ।

मेडिकल रिपोर्ट के बाद जोड़ी हत्या के प्रयास की धारा

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 216/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घायल की मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।

घटना के बाद से आरोपी रूपधर राठिया फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

मुखबिर की सूचना पर गांव से गिरफ्तारी

एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देश पर घरघोड़ा पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर सक्रिय किए थे। इसी दौरान चार सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि रूपधर अपने गांव चिमटापानी आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह कमाने-खाने के लिए बाहर चला गया था। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का टांगा बरामद कर लिया।

आरोपी रूपधर राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में हुई। एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के सतत पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो और आरक्षक प्रदीप तिग्गा की भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS