Explore

Search

August 18, 2026 5:31 pm

जन्म से पैर की बीमारी से जूझ रहे युवक का डीकेएस अस्पताल में सफल ऑपरेशन, स्वस्थ होकर मुख्यमंत्री से मिले

CBN36 रायपुर। आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पा रहे फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से नई जिंदगी मिली है। जन्म से बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों व हड्डी के असामान्य बढ़ने की समस्या से जूझ रहे अविनाश का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार और ऑपरेशन कराया गया।

स्वस्थ होने के बाद अविनाश सोमवार को बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उनका आभार जताया। अविनाश ने बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। अब वह पहले की तुलना में आसानी से चल-फिर पा रहे हैं और दैनिक काम भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ होने पर प्रसन्नता जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उम्र बढ़ने के साथ बढ़ती गई परेशानी

अविनाश को जन्म से ही पैर की अंगुलियों में मांसपेशियों और हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ परेशानी भी बढ़ती गई। इससे चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम करने में दिक्कत होने लगी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बड़े अस्पताल में इलाज और ऑपरेशन कराना संभव नहीं था।

कुछ वर्ष पहले अविनाश ने जिला अस्पताल में चिकित्सकों से संपर्क किया था। जांच के बाद उन्हें बेहतर उपचार और ऑपरेशन के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान जाने की सलाह दी गई, लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण इलाज आगे नहीं बढ़ सका।

आवेदन के बाद तत्काल हुई मदद

इलाज की उम्मीद लेकर अविनाश ने बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर अपनी समस्या बताई। कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल की। बेहतर उपचार के लिए अविनाश को रायपुर भेजा गया, जहां डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार और ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।

उपचार के बाद अविनाश की परेशानी काफी कम हुई है और वह अब सामान्य दिनचर्या की ओर लौट रहे हैं।

बोले अविनाश- मुश्किल समय में मिली मदद ने बदल दी जिंदगी

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अविनाश ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि बड़े अस्पताल में इलाज करा सकें। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद उनकी समस्या पर तत्काल पहल हुई और डीकेएस अस्पताल में उपचार संभव हो सका।

अविनाश ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपचार करने वाले चिकित्सकों और प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में मिली मदद ने उन्हें बड़ी परेशानी से बाहर निकाला है।

जरूरतमंदों के लिए सहारा बन रहा कैंप कार्यालय

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम लोगों की समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बीमारी और अन्य कठिन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।

अविनाश का मामला इसका उदाहरण है। आर्थिक तंगी के कारण लंबे समय से इलाज नहीं करा पा रहे युवक को समय पर मदद मिली तो अब वह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS