Explore

Search

July 27, 2026 9:01 pm

जब आसमान बरसा, तब खाकी बनी जिंदगी की आस

मूसलाधार बारिश के बीच डायल-112 की तत्परता ने युवक को समय पर पहुंचाया अस्पताल

CBN 36 पलारी। आसमान से लगातार बरसती बारिश… चारों ओर पानी ही पानी… सड़कों पर मुश्किल हालात… लेकिन इसी बारिश के बीच खाकी वर्दी उम्मीद की किरण बनकर दौड़ रही थी। ग्राम सिसदेवरी में एक युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। उसकी सांसें थमने से पहले समय से अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती थी। ऐसे में डायल-112 की टीम ने मौसम की परवाह किए बिना जो तत्परता दिखाई, उसने एक परिवार की उम्मीद को टूटने नहीं दिया।

दोपहर करीब 1:30 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम सिसदेवरी में एक युवक ने जहर खा लिया है और उसकी हालत लगातार बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही थाना पलारी की डायल-112 (बाज-01) टीम सक्रिय हो गई। आरक्षक राहुल ध्रुव और वाहन चालक हेमंत कुमार दुबे तेज बारिश के बीच तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

गांव पहुंचने पर युवक गंभीर हालत में मिला। समय की नजाकत को समझते हुए पुलिस जवानों ने एक पल भी गंवाए बिना परिजनों की मदद से उसे वाहन में बैठाया और सायरन बजाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलारी के लिए निकल पड़े। बारिश और रास्ते की कठिनाइयों के बावजूद टीम ने युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।

चिकित्सकों का मानना है कि ऐसे मामलों में शुरुआती समय, जिसे चिकित्सकीय भाषा में ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है, सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान मरीज को अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो उसके बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। पलारी डायल-112 की त्वरित कार्रवाई ने इसी गोल्डन आवर का पूरा लाभ दिलाया।

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर जीवनरक्षक की भूमिका भी निभाती है। मूसलाधार बारिश में बिना किसी हिचकिचाहट के की गई इस कार्रवाई की ग्रामीणों, परिजनों और अस्पताल के स्टाफ ने सराहना की।

बलौदा पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जीवन में किसी भी प्रकार की परेशानी या तनाव आने पर आत्मघाती कदम न उठाएं। कठिन परिस्थितियों में अपने परिजनों, मित्रों या विशेषज्ञों से बात करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए डायल-112 पर संपर्क करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS