Explore

Search

July 28, 2026 12:30 am

अयोध्या श्रीराम मंदिर में चोरी के विरोध में बिलासपुर में उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’

CBN36 बिलासपुर, 27 जुलाई। अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना के विरोध और भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के लिए बिलासपुर में रविवार को विशाल ‘श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा’ निकाली गई। यात्रा के दूसरे दिन शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु स्वतःस्फूर्त रूप से शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने हाथों में नारियल और भगवा ध्वज लेकर “जय श्रीराम”, “जय सियाराम” एवं “जय बजरंगबली” के जयघोष के साथ पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।

बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा का शुभारंभ महामाया मंदिर, बिजौर से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीराम के चरणों में पुष्प एवं श्रद्धा के नारियल अर्पित किए गए। सुसज्जित रथ पर भगवान श्रीराम, माता जानकी और पवनपुत्र हनुमान की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

यात्रा में महिलाएं, युवा, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और यात्रा का स्वागत किया। भजन-कीर्तन और संकीर्तन के बीच वातावरण पूरी तरह राममय दिखाई दिया।

इस अवसर पर विजय केशरवानी ने कहा कि भगवान श्रीराम भारत की संस्कृति, मर्यादा और करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि छत्तीसगढ़ होने के कारण प्रदेशवासी भगवान श्रीराम को अपना “भांचा” मानते हैं। अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना से रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं और यह यात्रा उसी पीड़ा को श्रद्धा एवं समर्पण के संकल्प में बदलने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि यात्रा में श्रद्धालुओं द्वारा समर्पित सभी नारियल अयोध्या धाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के श्रीचरणों में अर्पित किए जाएंगे।

यात्रा महामाया मंदिर, बिजौर से प्रारंभ होकर बहतराई, नवधा रामायण चौक, अटल चौक, भक्त माता कर्मा चौक, सरकण्डा, साइंस कॉलेज, देवनंदन नगर, रामा ग्रीन सिटी, ड्रीम सिटी, खमतराई बस्ती और मुरूम खदान होते हुए अशोक नगर स्थित बगदाई मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्रीराम की आरती, भजन एवं सामूहिक प्रार्थना के साथ दूसरे दिन का समापन हुआ।

यात्रा में विधायक दिलीप लहरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

तृतीय दिवस का कार्यक्रम

आयोजकों के अनुसार श्रीराम श्रद्धा आस्था यात्रा का तृतीय दिवस सोमवार, 27 जुलाई को दोपहर 12 बजे कोनी से प्रारंभ होगा। यात्रा गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, पं. सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, बिरकोना, नगोई होते हुए ग्राम बैमा स्थित वैष्णो देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां प्रथम चरण का समापन भंडारे के साथ होगा।

आयोजकों ने सभी रामभक्तों से परिवार सहित यात्रा में शामिल होकर “श्रद्धा का एक नारियल अपने भांचा श्रीराम के श्रीचरणों में” समर्पित करने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS