Explore

Search

July 27, 2026 11:45 am

चक्का जाम वाले गांव में पहुंचे एसपी, 60 महिलाओं की ‘महिला कमांडो टीम’ गठित, नशामुक्ति का लिया संकल्प

CBN36 जांजगीर-चांपा। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम डोंगाकोहरौद पहुंचे, जहां कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों द्वारा अपनी मांगों को लेकर चक्का जाम किया गया था।

गांव पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनभागीदारी का आह्वान करते हुए पूरे गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशे के कारोबार या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण पहल गांव की 60 सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को शामिल कर ‘महिला कमांडो टीम’ का गठन रहा। यह टीम गांव में नशामुक्ति अभियान चलाने, सामाजिक जागरूकता फैलाने, महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा अपराधों की रोकथाम में पुलिस की सहयोगी के रूप में कार्य करेगी। महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ गांव को नशामुक्त बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्राम डोंगाकोहरौद की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं थाना प्रभारी पामगढ़ सावन कुमार सारथी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS