
“कहते हैं कि इंसान दवाइयों से नहीं, बल्कि उम्मीदों से जीता है,जब जीवन कठिन मोड़ पर खड़ा हो और शरीर साथ छोड़ने लगे, तब मन की ताकत ही सबसे बड़ा सहारा बनती है। यह कहानी मध्यप्रदेश के एक ऐसे जिंदादिल इंसान की है, जिसने अपने बेटे और परिवार की खुशियों के लिए बीमारी को चुनौती दे दी”
रिश्तों का वह खूबसूरत आरंभ
दो परिवार, जो कल तक एक-दूसरे से पूरी तरह अनजान थे, जल्द ही एक नए रिश्ते में बंधने वाले थे। एक ओर बेटी का परिवार, दूसरी ओर बेटे का परिवार। मुलाकात हुई, बातचीत आगे बढ़ी और रिश्ता तय हो गया।पहली मुलाकात में ही दोनों परिवारों के बीच ऐसा अपनापन बना कि लगा मानो वर्षों पुराना परिचय हो। घरों में खुशियों का माहौल था और हर किसी की जुबान पर आने वाली शादी की चर्चा थी।
जब खुशी ने भुला दी बीमारी
इन खुशियों के बीच एक पिता भी थे, जो लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। डॉक्टरों की सलाह, नियमित दवाइयाँ और सावधानियाँ उनकी दिनचर्या का हिस्सा थीं।लेकिन बेटे की शादी की बात आते ही मानो उन्होंने अपनी तकलीफों को पीछे छोड़ दिया।परिवार से मिलने और शादी की तैयारियों को आगे बढ़ाने के उत्साह में उन्होंने लगभग एक हजार किलोमीटर लंबी यात्रा कर डाली। सफर पूरा हुआ, लेकिन शरीर इस थकान को झेल नहीं पाया।यात्रा समाप्त होते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
अस्पताल के बिस्तर पर भी कायम रहा हौसला
परिवार के चेहरों पर चिंता थी। डॉक्टर गंभीर थे। रिपोर्ट्स कई सवाल खड़े कर रही थीं।लेकिन नागपुर अस्पताल के बिस्तर पर लेटा वह व्यक्ति सबसे अलग था।उसकी आंखों में डर नहीं था, बल्कि बेटे की शादी की चमक थी।जब परिवार ने उनकी तबीयत को लेकर चिंता जताई, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा हमने रिश्ता तय कर दिया है,शादी की तारीख पक्की करो, बाकी सब ऊपर वाले पर छोड़ दो। खुशियों से बड़ी कोई दवाई नहीं होती।यह सिर्फ एक वाक्य नहीं था, बल्कि जीवन के प्रति उनका अटूट विश्वास था।
मुस्कान बनी सबसे बड़ी दवा
नागपुर के उस अस्पताल के कमरों में अक्सर सन्नाटा और चिंता दिखाई देती है, लेकिन उन्होंने वहां भी माहौल बदल दिया।वे डॉक्टरों और मरीजों से हंसी-मजाक करते, परिवार को दिलासा देते और हर मिलने वालो के चेहरे पर मुस्कान ले आते।उनकी जिंदादिली ने न केवल परिवार का मनोबल बढ़ाया, बल्कि उनके भीतर भी नई ऊर्जा भर दी।धीरे-धीरे स्वास्थ्य में सुधार होने लगा। डॉक्टरों की देखरेख और अपनों के प्यार के साथ उनकी इच्छाशक्ति ने भी अपना कमाल दिखाना शुरू कर दिया।
आखिरकार आया वह दिन
जिस तारीख का इंतजार पूरे परिवार को था, वह दिन आखिरकार आ ही गया।वह व्यक्ति, जिसने अस्पताल के बिस्तर पर लेटे-लेटे शादी की तारीख तय करने की जिद की थी, अब पहले से कहीं अधिक मजबूत दिखाई दे रहा था बुधवार को गणेश मंदिर की चौखट पार कर उनके दर्शन करना फिर हनुमान जी के मंदिर में जाकर पूजा अर्चना करना जैसे ईश्वर की कृपा से परिवार की खुशियां लौट आई थीं और शादी का उत्सव तो पूरे उल्लास के साथ संपन्न हो चुका था।
यह कहानी हमें क्या सिखाती है?
जीवन में कठिनाइयाँ कभी भी आ सकती हैं। बीमारी, संकट और चुनौतियाँ हर किसी के हिस्से में आती हैं।लेकिन यह कहानी हमें याद दिलाती है कि इच्छाशक्ति सबसे बड़ी ताकत है।परिवार का साथ हर मुश्किल को आसान बना देता है।खुशियां और सकारात्मक सोच कई बार दवाइयों से भी ज्यादा असर करती हैं।जीवन का उत्साह इंसान को असंभव लगने वाली परिस्थितियों से बाहर निकाल सकता है।आज वे स्वस्थ जीवन की ओर लौट रहे है। बीमारी, जो कभी पहाड़ जैसी लग रही थी, अब पीछे छूटती हुई एक धुंध की तरह दिखाई देती है।
लेखक की कलम से
यह सिर्फ एक पिता के जिद और शादी की कहानी नहीं है। यह उस अटूट विश्वास की कहानी है, जो हर मुश्किल घड़ी में इंसान को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।जब मन में उत्साह हो, अपनों का साथ हो और जीने की चाह बरकरार हो, तब हजार किलोमीटर का सफर भी छोटा लगता है और बीमारी की बेड़ियां भी टूट जाती हैं।क्या आपके पास भी ऐसी कोई प्रेरणादायक कहानी है, जिसने जीवन को नई दिशा दी हो? अपनी कहानी हमारे साथ साझा करें, क्योंकि एक सच्ची कहानी किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है और किसी के जीवन में उम्मीद जगा सकती है।
प्रधान संपादक


