Explore

Search

June 12, 2026 5:44 pm

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास का दो साल से फरार आरोपी सन्नी सरदार गिरफ्तार

रायगढ़, 12 जून। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लगभग दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार, मूल रूप से पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और रायगढ़ में रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था। वह वर्ष 2024 में हुए एक चर्चित मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में फरार था। फरारी के दौरान उसके विरुद्ध धारा 193(9) बीएनएसएस के तहत चालान भी प्रस्तुत किया गया था।

घटना का विवरण

7 दिसंबर 2024 की रात साहिल ठाकुर अपने साथियों अनुज गुप्ता, आकिब खान और संगम देहरी के साथ पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित जिम के सामने आग ताप रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में पहुंचे आरोपियों ने कथित तौर पर साहिल ठाकुर पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया।

हमले में साहिल के सिर, चेहरे, जबड़े, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसका एक दांत टूट गया तथा जबड़ा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिंह ठाकुर को भी आरोपियों ने घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल साहिल का इलाज रायगढ़, रायपुर सहित विभिन्न अस्पतालों में कराया गया।

पहले ही हो चुकी है सजा

मामले की विवेचना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया था। 30 अक्टूबर 2025 को न्यायालय ने आरोपी राज बरेठ को हत्या के प्रयास के अपराध में 10 वर्ष के सश्रम कारावास तथा अर्थदंड की सजा सुनाई थी। वहीं जसवीर सिंह को बलवा के मामले में चार वर्ष की सजा दी गई थी।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपी की तलाश तेज कर रखी थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया।

पुलिस टीम की भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उपनिरीक्षक गौतम ठाकुर तथा सिटी कोतवाली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कानून से बचने का हर प्रयास विफल किया जाएगा और ऐसे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS