Explore

Search

June 8, 2026 5:04 pm

फल दुकान संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 8 जून। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में फल दुकान संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे रायपुर से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 7 जून की रात करीब 9.30 बजे तिफरा क्षेत्र में फल व्यवसायी मनीष गोस्वामी अपनी दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान बाजार चौक तिफरा निवासी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट (32 वर्ष) वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में मनीष गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 103 एवं 115(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घायल मनीष गोस्वामी के आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू मनीष गोस्वामी से नाराज था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपी ने चाकू से हमला किया।

पतासाजी के दौरान आरोपी के रायपुर में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS