
रायपुर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रम विभाग के एक कार्यक्रम में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत दो-दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
राजधानी रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट सूची में शीर्ष 10 स्थानों में शामिल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें 10वीं के नौ और 12वीं के 13 विद्यार्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों की उपलब्धि को श्रमिक परिवारों के परिश्रम और संघर्ष का परिणाम बताया तथा उन्हें उच्च शिक्षा और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार ने श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 28,754 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को कुल 7.79 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी। यह राशि गणवेश एवं पुस्तक सहायता, मातृत्व सहायता, छात्रवृत्ति, औजार सहायता, साइकिल सहायता और पेंशन जैसी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रदान की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा एक लाख रुपये दोपहिया वाहन खरीदने के लिए दिए जाते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने लोगों से अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में श्रम विभाग के सचिव एवं श्रम आयुक्त श्री हिमशिखर गुप्ता, कलेक्टर गौरव सिंह जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


