रायपुर, 05 जून। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम एनएमडीसी परिक्षेत्र विकास निधि की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएमडीसी परिक्षेत्र विकास निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एनएमडीसी की सीएसआर मद के तहत बस्तर संभाग के छह जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर, कोंडागांव एवं नारायणपुर से प्राप्त 49 करोड़ 95 लाख 65 हजार रुपये की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तुत नवीन प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
स्वीकृत कार्यों में पोषण आहार, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। जिलेवार स्वीकृत कार्यों में बस्तर के 29, कोंडागांव के 18, नारायणपुर के 14, दंतेवाड़ा के 17, बीजापुर के 86 तथा सुकमा के 106 कार्य शामिल हैं।
बैठक में आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, मुख्यमंत्री एवं खनिज विकास विभाग के सचिव पी. दयानंद, एनएमडीसी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित जिलों के कलेक्टर उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


