Explore

Search

June 5, 2026 4:01 pm

करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का खुलासा, पत्नी और साला गिरफ्तार

व्यवसायी की शिकायत पर जांच में सामने आए गबन और धोखाधड़ी के आरोप, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी

रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

एएसपी अनिल सोनी ने क्या कहा सुने

पुलिस के अनुसार घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उसकी रकम और संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बनाई। शिकायत की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग और मीडिया व्यवसाय से जुड़ा है। आरोप है कि वह प्रतिदिन व्यवसाय से प्राप्त धनराशि अपनी पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए देता था। वर्ष 2014 में उसे घर में उपलब्ध रकम को लेकर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने सीसीटीवी कैमरे लगवाए। शिकायत के मुताबिक फुटेज में पत्नी को आलमारी से रकम निकालकर अपने भाई को देते हुए देखा गया। जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते में करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन पाए गए, जबकि वह बेरोजगार बताया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2022 में तमनार क्षेत्र में अधिग्रहण योग्य भूमि खरीदने की योजना की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने दबाव बनाकर लगभग 13.50 लाख रुपये मूल्य की भूमि सीमा बघेल के नाम पर रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने के उद्देश्य से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

जांच में चोरी, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू

थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस ने सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए

एसडीओपी धरमजयगढ़ की जांच रिपोर्ट में आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और उसकी संपत्ति से अनुचित लाभ लेने की कोशिश किए जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

एसएसपी बोले, आर्थिक अपराधों पर होगी सख्त कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि धोखाधड़ी, गबन और आपराधिक षड्यंत्र जैसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS