Explore

Search

June 5, 2026 1:17 am

सुशासन तिहार : मुख्यमंत्री साय ने बिलासपुर को दी 134 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

बिलासपुर, 4 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की कार्यशैली और पहचान है। सरकार का उद्देश्य योजनाएं बनाना भर नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री गुरुवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत हेमूनगर में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 134 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 80 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदनशील नीतियों का उद्देश्य जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।

मुख्यमंत्री ने एसईसीएल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से 22 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 200 सीटर बहुउद्देशीय वृद्धाश्रम भवन का शिलान्यास किया। इस भवन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्राकृतिक चिकित्सा, योग, फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और पुनर्वास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसी प्रकार 18 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 सीटर दिव्यांगजन शिक्षण-प्रशिक्षण एवं बहुउद्देशीय पुनर्वास केंद्र का भी शिलान्यास किया गया। इस केंद्र में शिक्षा, कौशल विकास, फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, ऑडिटरी ट्रेनिंग तथा पुनर्वास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर और जटिल बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, सुरक्षा बलों के प्रयासों और बस्तर की जनता के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है। वहीं ई-डिस्ट्रिक्ट के तहत 400 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शीघ्र शुरू की जाएगी।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सुशासन तिहार मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार, रेलवे अधोसंरचना विकास तथा अरपा परियोजना के सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि समाधान शिविरों में उमड़ रही भीड़ सरकार के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने जिले को 134 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने पर लोगों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर बेलतरा महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय सखाराम सूर्यवंशी के नाम पर करने की घोषणा की। इसके साथ ही बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम क्षेत्र में पांच मंगल भवनों के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार विशेष कार्ययोजना के तहत कार्य कर रही है और जिले से जुड़े आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS