Explore

Search

April 13, 2026 6:20 pm

लालखदान में साईं देवस्थान का स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, आज निकलेगी भव्य पालकी यात्रा

बिलासपुर। लालखदान स्थित साईं देवस्थान का दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। 12 और 13 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साईं भक्त शामिल हो रहे हैं।

स्थापना दिवस के प्रथम दिन रविवार सुबह बाबा का अभिषेक, पूजन एवं वेदी पूजन विधि-विधान से संपन्न किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और आरती का क्रम चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही रात्रि में जगराता, भोग और भंडारा का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

दूसरे दिन सोमवार को भी सुबह बाबा का अभिषेक, पूजन और भोग-भंडारा आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर से भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी, जो पावर हाउस, धान मंडी, गुरु नानक चौक होते हुए पुनः पावर हाउस मार्ग से साईं देवस्थान पहुंचेगी।

आयोजकों के अनुसार, पालकी यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन के साथ भक्त साईं बाबा के जयकारे लगाते हुए चलेंगे।

कार्यक्रम का समापन शाम को भजन संध्या और आरती के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS