
“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड उनके परिजनों द्वारा उपलब्ध नहीं कराए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह को संबंधित महिला को आधार कार्ड दिलाने के दिए निर्देश ”
रायगढ़, 06 मार्च।त्योहार केवल रंगों और मिठाइयों से नहीं, बल्कि अपनों के साथ बिताए गए पलों से खास बनते हैं। जब कोई बुजुर्ग अपने परिवार से दूर हो और त्योहार करीब हो, तब थोड़ी सी संवेदना और अपनापन उनके चेहरे पर मुस्कान ला देता है। इसी भावना के साथ रायगढ़ के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह जूटमिल क्षेत्र स्थित आशा प्रशामक देखभाल गृह पहुंचे और वहां रह रहे वरिष्ठजनों के साथ समय बिताकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।

आश्रम पहुंचने पर सेवा कार्य में लगे युवाओं और स्टाफ ने एसएसपी सिंह का फूलों से आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान एसएसपी ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना। होली के त्योहार से पहले पुलिस अधीक्षक को अपने बीच पाकर बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
इस दौरान डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि रायगढ़ की संस्था रिहैब फाउण्डेशन द्वारा संचालित यह आश्रम कई वर्षों से वरिष्ठ नागरिकों की सेवा में समर्पित है और श्रीमती जस्सी फिलिप्स इसकी देखरेख कर रही हैं। उन्होंने बताया कि संस्था को छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त है और समय-समय पर प्रशासन, पुलिस तथा समाजसेवी यहां आकर बुजुर्गों से मुलाकात करते हैं।

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग की सीनियर सिटीजन सेल बुजुर्गों की सुरक्षा, कानूनी सहायता और उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में कई संस्थाएं वरिष्ठ नागरिकों के हित में काम कर रही हैं, लेकिन अपने बुजुर्गों की देखभाल करना हम सभी का पहला दायित्व है।
इस दौरान एक बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड उनके परिजनों द्वारा उपलब्ध नहीं कराए जाने की जानकारी मिलने पर एसएसपी सिंह ने तत्काल थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह को संबंधित महिला को आधार कार्ड दिलाने के निर्देश दिए।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस आगे भी हर त्योहार समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर मनाएगी, ताकि पुलिस और समाज के बीच विश्वास और संवेदना का रिश्ता और मजबूत हो सके।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह सहित थाना जूटमिल का स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रधान संपादक


