
“डीआईजी एवं एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा थैंक्स रायगढ़ , जिलेवासियों के सहयोग, संयम और सामाजिक जिम्मेदारी के कारण होली का त्योहार उल्लास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की दृष्टि से भी सफल रहा”

छत्तीसगढ़ रायगढ़।रंगों के पर्व होली को जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह ने आम जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों के सहयोग, संयम और सामाजिक जिम्मेदारी के कारण होली का त्योहार उल्लास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की दृष्टि से भी सफल रहा।

एसएसपी श्री सिंह ने अपने संदेश में कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर पुलिस-प्रशासन की भूमिका तभी सार्थक होती है, जब आमजन का सहयोग मिलता है। इस वर्ष भी नागरिकों ने परंपराओं का सम्मान करते हुए शांति और भाईचारे का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा लगातार पेट्रोलिंग और मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई थी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में विश्वास कायम करना भी है। होली के अवसर पर विभिन्न मोहल्लों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगा रहा। सोशल मीडिया पर भी अफवाहों पर नजर रखी गई और किसी भी भ्रामक जानकारी का तत्काल खंडन किया गया।

एसएसपी सिंह ने कहा कि रायगढ़ की जनता ने जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दिया है। युवाओं ने संयम बरतते हुए कानून का पालन किया, वहीं सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी आपसी सद्भाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों की भी सराहना की, जिन्होंने दिन-रात ड्यूटी निभाकर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। श्री सिंह ने कहा कि आने वाले सभी त्योहारों और आयोजनों में भी पुलिस-प्रशासन और जनता के बीच इसी प्रकार का समन्वय बना रहेगा।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आगे भी सहयोग देते रहें, ताकि रायगढ़ शांति, सुरक्षा और भाईचारे की मिसाल बना रहे।
प्रधान संपादक


