Explore

Search

April 27, 2026 11:01 am

होली पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ऑन फील्ड, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

रायगढ़, 4 मार्च। होली पर्व के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सुबह से ही पूरी तरह सक्रिय नजर आए। वे स्वयं शहर की सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा आम लोगों से मिलकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वे ड्यूटी में तैनात जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कर्तव्य पालन के निर्देश देते रहे।

एसएसपी ने रायगढ़ शहर तथा किरोड़ीमल नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पैदल मार्च कर नागरिकों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के हुड़दंग, उत्पात या कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयास पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएसपी सुशांतो बनर्जी, निरीक्षक सुखनंदन पटेल, निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर एवं पेट्रोलिंग टीम उपस्थित रही। अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी में लगे रहे।

शहर में सुरक्षा के मद्देनज़र 5 ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी की जा रही है, जबकि 28 मोबाइल पेट्रोलिंग वाहन लगातार सक्रिय रहकर गश्त कर रहे हैं, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस कंट्रोल रूम से भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जाती रही। अधिकारियों द्वारा हालात की पल-पल की जानकारी ली जाती रही और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाते रहे। कंट्रोल रूम के माध्यम से क्षेत्रीय पुलिस बल के साथ समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।

क्या कहा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा सभी नागरिक हर्षोल्लास एवं आपसी भाईचारे के साथ होली मनाएं। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु व्यापक इंतजाम किए हैं तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बल पूर्णतः तैयार है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS