Explore

Search

April 17, 2026 8:42 am

होली के रंग में सराबोर रायगढ़, सुरक्षा में मुस्तैद पुलिस,400 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया होली के रंगों के बीच जहां नागरिक उत्साहपूर्वक त्योहार मना रहे हैं, वहीं रायगढ़ पुलिस भी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभा रही है, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके”

छत्तीसगढ़।रायगढ़ जिले में होली का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर और ग्रामीण अंचलों में लोग रंग-गुलाल के साथ एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं, वहीं शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायगढ़ पुलिस एसएसपी के सुपरविजन में पूरी तरह मुस्तैद है।

होली के मद्देनजर पुलिस ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। डीआईजी एवं एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पिछले 24 घंटे से पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात है। होलिका दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब रंगोत्सव के दौरान भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस द्वारा अगले 48 घंटे के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं तथा ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। तेज रफ्तार और हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों और 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन को विशेष व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में निकटतम पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच सके। पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग रूम स्थापित कर रियल टाइम निगरानी की जा रही है।

सादी वर्दी में महिला एवं पुरुष जवान भी तैनात किए गए हैं, जो छेड़छाड़ या असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली शालीनता और आपसी भाईचारे के साथ मनाई जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिले में लगभग 400 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।

होली के रंगों के बीच जहां नागरिक उत्साहपूर्वक त्योहार मना रहे हैं, वहीं रायगढ़ पुलिस भी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभा रही है, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS