Explore

Search

February 27, 2026 10:29 pm

बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में घुसे ट्रेलर से टकराई स्कार्पियो, चार की मौत

बिलासपुर। जिले के संबलपुरी बाइपास सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत संबलपुरी के पास देर रात भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसा, जहां सामने से आ रही स्कार्पियो उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो सवार चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार उसलापुर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी शादी की 25वीं वर्षगांठ पर संबलपुरी स्थित ढाबे में पार्टी रखी थी। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद छत्रपाल रात्रे (37) निवासी ग्राम कुंआ, विशाल लहरे (25) व अनमोल लहरे (14) निवासी बिरगहनी, सोनू मिरी (28) निवासी कोटा तथा प्रकाश रात्रे स्कार्पियो वाहन से रात करीब दो बजे उसलापुर लौट रहे थे।

युवक जब संबलपुरी स्थित यादव ढाबा के पास पहुंचे, तभी रतनपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए उनकी लेन में आ गया। अचानक सामने आए ट्रेलर को देखकर स्कार्पियो चालक को संभलने का अवसर नहीं मिला और वाहन सीधे ट्रेलर से जा भिड़ा। हादसे में छत्रपाल, विशाल, अनमोल और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रकाश गंभीर रूप से घायल है।

हादसे के बाद ट्रेलर हाईवे पर पलट गया, जिससे यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

सीसीटीवी में दिखी लापरवाही

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में ट्रेलर चालक डिवाइडर तोड़कर गलत दिशा में आता दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि स्कार्पियो चालक को बचाव का मौका नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर चालक की लापरवाही सामने आई है।

चालक हिरासत में

पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह कोरबा से कोयला लोड कर हिर्री जा रहा था। उसके अनुसार एक खाली ट्रेलर ने तेज रफ्तार में ओवरटेक किया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वाहन डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चला गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

गैस कटर से काटा गया दरवाजा

हादसे के बाद स्कार्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। चालक आगे की सीट पर फंसा हुआ था। पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर वाहन का दरवाजा कटवाया, तब चालक का शव बाहर निकाला जा सका।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS