बिलासपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और शहर की कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के उद्देश्य से पुलिस ने गुरुवार तड़के बड़ा अभियान चलाया। सिविल लाइन, सरकंडा, सकरी, कोतवाली, तोरवा, तारबाहर और सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में आदतन बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान करीब एक दर्जन बदमाशों को हिरासत में लिया गया, जिनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।अभियान दिन निकलने से पहले शुरू किया गया, ताकि असामाजिक तत्वों को चौंकाया जा सके और त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के कब्जे से धारदार हथियार भी बरामद किए गए। हथियार मिलने पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्रकरण दर्ज किया गया है।

सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि होली से पहले शहर में सक्रिय बदमाशों पर नकेल कसने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पूर्व से चिह्नित आदतन बदमाशों के ठिकानों पर पुलिस टीमों ने दबिश दी और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान तालापारा निवासी अजय भारती (35) और अरुण लहरे (22) को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। शहर में देर शाम से लेकर तड़के तक अभियान चलाकर बदमाशों के घरों तक पहुंच बनाई गई। टीमों ने उनके आपराधिक रिकॉर्ड, हालिया गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई। साथ ही, बदमाशों को चेतावनी दी गई कि यदि वे दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि होली के मद्देनज़र संवेदनशील इलाकों में गश्त भी बढ़ा दी गई है। पुलिस का फोकस भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और आवागमन वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखने का है। इस अभियान से शहर में असामाजिक तत्वों के बीच संदेश गया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधान संपादक


