Explore

Search

February 27, 2026 11:10 am

ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, महिला सहित 5 गिरफ्तार

“डीआईजी एवं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा नशे एवं अवैध शराब के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस ,अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर सतत निगरानी , ऐसी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा”

छत्तीसगढ़ ।रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया, छाल और पुसौर थाना क्षेत्रों में सिलसिलेवार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण, परिवहन और बिक्री से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने महुआ एवं अंग्रेजी शराब के साथ स्कूटी और नगदी सहित हजारों रुपये का सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खरसिया क्षेत्र: महुआ शराब के साथ दो आरोपी पकड़े गए

खरसिया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोडाभाठा गीधा क्षेत्र में अवैध महुआ शराब का परिवहन किया जा रहा है। रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा।

• शिव प्रसाद डनसेना (38 वर्ष) के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 1,400 रुपये) जब्त की गई।

• तिरथराम डनसेना (36 वर्ष) से भी 7 लीटर महुआ शराब (कीमत 1,400 रुपये) बरामद हुई।

दोनों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

छाल क्षेत्र: स्कूटी से अंग्रेजी शराब की तस्करी

थाना छाल पुलिस ने ग्राम गडाईनबहरी रोड तालाब के पास घेराबंदी कर स्कूटी क्रमांक CG 13 BG 7014 से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले जा रहे उमेश राठिया (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 लीटर 440 एमएल अंग्रेजी शराब (कीमत लगभग 7,840 रुपये) जब्त की गई।

पूछताछ में शराब लाने के पीछे मंजू खुटे नामक महिला की भूमिका सामने आई, जिसे भी गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध थाना छाल में अपराध क्रमांक 30/2026 दर्ज किया गया है।

पुसौर क्षेत्र: होटल में छापा, 6.300 बल्क लीटर शराब बरामद

थाना पुसौर पुलिस ने ग्राम नावापारा माण्ड स्थित एक होटल में छापेमार कार्रवाई कर भुवनेश्वर साहू (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6.300 बल्क लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब (कीमत 3,780 रुपये) जब्त की गई।

एसएसपी का सख्त संदेश

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार पर “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा अभियान के तहत आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS