Explore

Search

February 23, 2026 3:12 am

सराफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरी रायगढ़ पुलिस, एडिशनल एसपी के नेतृत्व में पैदल मार्च

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है, अपराधियों के लिए शहर में कोई स्थान नहीं”

रायगढ़, 22 फरवरी।शहर के सराफा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस मुख्य सराफा बाजार सहित व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में विशेष पैदल मार्च किया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में चलाया गया। पैदल मार्च का नेतृत्व स्वयं एडिशनल एसपी सोनी ने किया।

पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बाजार क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सराफा व्यापारियों से सीधे संवाद कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान व्यापारियों को पुलिस कंट्रोल रूम, डायल 112 एवं अन्य आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा इन नंबरों को दुकान में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

एडिशनल एसपी श्री सोनी ने व्यापारियों से कहा कि दुकानों में तैनात सुरक्षा गार्ड पूरी तरह सतर्क रहें, सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और मेंटेनेंस सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रात्रि में गार्ड की औचक जांच, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस आम नागरिकों और व्यापारियों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस की प्राथमिकता केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई नहीं, बल्कि अपराध को पहले ही रोकना है।

इस फुट पेट्रोलिंग में नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल प्रशांत राव सहित कोतवाली थाना एवं पुलिस लाइन का बल मौजूद रहा। एडिशनल एसपी ने बताया कि एसएसपी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय सहित सभी थाना क्षेत्रों में सराफा कारोबारियों के साथ नियमित बैठकें कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है तथा संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराध या अपराधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रत्येक सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS