पद्मश्री शमशाद बेगम एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति
खुर्सीपार, छावनी, जामुल, कुम्हारी एवं पुरानी भिलाई क्षेत्र की 400 से अधिक महिला कमांडो हुईं सहभागी
आपदा प्रबंधन, आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं यातायात जागरूकता पर दिया गया प्रशिक्षण
दुर्ग। थाना खुर्सीपार अंतर्गत श्रीराम मैदान में शुक्रवार को महिला कमांडो हेतु सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल एवं पद्मश्री सम्मानित समाजसेविका शमशाद बेगम विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

सम्मेलन में खुर्सीपार, छावनी, जामुल, कुम्हारी एवं पुरानी भिलाई क्षेत्र से 400 से अधिक महिला कमांडो शामिल हुईं। प्रशिक्षण सत्र के दौरान SDRF टीम द्वारा सड़क दुर्घटना, आगजनी, बाढ़, भूकंप सहित अन्य आपदा स्थितियों में बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी एवं राहत कार्यों का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया।

महिला कमांडो को महिला सुरक्षा से जुड़े कानून, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति अभियान, सामुदायिक पुलिसिंग एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें अपने-अपने वार्ड एवं ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि महिला कमांडो समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता की मजबूत कड़ी हैं। आगामी होली पर्व को देखते हुए उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो टीमों को टॉर्च एवं केन सिटी का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महिला कमांडो ने सशक्त नारी सशक्त छत्तीसगढ़ एवं नशा मुक्त समाज सुरक्षित समाज का सामूहिक संकल्प लिया।
प्रधान संपादक


