Explore

Search

February 22, 2026 4:07 pm

युवती से दुष्कर्म के मामले में रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई, एसएसपी के निर्देश पर आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह का स्पष्ट संदेश है महिलाओं के विरुद्ध अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। रायगढ़ पुलिस पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

रायगढ़, 22 फरवरी।महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक गंभीर दुष्कर्म प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देश एवं सतत निगरानी में की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी पंकज गोपाल उर्फ पंकज यादव 32 वर्ष निवासी सेंदरीबहार, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित सिंघल गेट ईंटा प्लांट, बंजारी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।

पीड़िता (32 वर्षीय) द्वारा थाना कांसाबेल, जिला जशपुर में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई गई थी। आवेदन के परीक्षण उपरांत प्रकरण को थाना पूंजीपथरा स्थानांतरित किया गया, जहां अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 64(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पीड़िता के कथनानुसार वर्ष 2024-25 के दौरान मजदूरी के दौरान आरोपी से परिचय हुआ था। 20 मार्च 2025 को आरोपी द्वारा चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद दुष्कर्म किया गया। बाद में धमकी देकर शारीरिक शोषण का दबाव बनाया गया, जिससे भयभीत होकर पीड़िता गांव चली गई।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब आरोपी द्वारा पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो उसके मोबाइल से निकालकर वायरल किए जाने की जानकारी सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की, जिसमें आपत्तिजनक वीडियो पाया गया। इसके बाद प्रकरण में आईटी एक्ट की धारा 66(डी) एवं 67(ए) जोड़ी गई तथा मोबाइल जब्त किया गया।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने 21 फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक राकेश मिश्रा उप निरीक्षक विजय एक्का, आरक्षक फिलमोन एक्का, विक्रम कुजूर एवं हेमसागर पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS