Explore

Search

February 22, 2026 2:25 pm

भांजे की शादी में गए सेना के रिटायर्ड अधिकारी के सूने मकान में चोरी, नकदी व जेवर पार

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित अभिषेक नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक सेना के रिटायर्ड अधिकारी अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए परिवार सहित बलौदाबाजार गए हुए थे। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात चोरों ने घर का कुंदा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अभिषेक नगर निवासी शैलेष मिश्रा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। गुरुवार को वे अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ बलौदाबाजार गए थे। घर बंद होने के कारण मकान पूरी तरह सूना पड़ा था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर को निशाना बनाया। शनिवार सुबह आसपास रहने वाले लोगों ने देखा कि मिश्रा के घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और कुंदा टूटा पड़ा है। स्थिति संदिग्ध लगने पर पड़ोसियों ने तुरंत मोबाइल पर इसकी सूचना शैलेष मिश्रा को दी। जानकारी मिलते ही वे कार्यक्रम बीच में छोड़कर परिवार के साथ बिलासपुर लौट आए। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ है। अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला। चोरों ने अलमारी और दराज खंगाल दिए थे। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब दो लाख रुपये नकद और लगभग ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। इसके अलावा कुछ अन्य कीमती सामान भी चोर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुम्मत साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के मकानों और गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज भी जुटाया है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चोरों ने घर के सूने होने की जानकारी के बाद वारदात को अंजाम दिया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS