Explore

Search

February 17, 2026 9:05 pm

जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

राजस्व अभिलेखों में नाम सुधार, जाति प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता, किसान सम्मान निधि, बैंक ऋण, जप्त सामग्री वापसी एवं आवास ऋण से संबंधित आवेदन पहुंचे 

बिलासपुर, 17 फरवरी 2026।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से आए ग्रामीणों और शहरवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने एक-एक कर सभी आवेदकों से मुलाकात कर उनके आवेदन प्राप्त किए और संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने व्यक्तिगत, सामाजिक और सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न मामलों पर ध्यान देते हुए स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे और लोगों की समस्याएं सुनीं।

जनदर्शन में बोदरी तहसील के ग्राम बोडसरा निवासी छात्र दीपेश कुमार ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम संबंधी त्रुटि सुधार का आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने बताया कि पुराने मिसल रिकॉर्ड में हुई गलती के कारण जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कलेक्टर ने प्रकरण को एसडीओ बिल्हा को सौंपते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

कोटा विकासखंड के ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्रामीणों ने शासकीय तालाब तक आने-जाने के निस्तारी मार्ग पर अवैध निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम तेंदुवा निवासी सुखराम यादव द्वारा रास्ते पर कब्जा कर मकान निर्माण कर लिया गया है, जिससे तालाब तक पहुंच में कठिनाई हो रही है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए।

नहरपारा लिटिया निवासी कैलाश प्रसाद साहू ने किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को प्रकरण देखने के निर्देश दिए।

शहर के वार्ड क्रमांक 36 बसंत भाई पटेल नगर के निवासियों ने सीसी रोड, नाली, बिजली पोल और पानी पाइपलाइन की मांग रखी। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सकरी तहसील के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कोपरा में प्रस्तावित तालाब निर्माण की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि खसरा नंबर 81 एवं 82 की भूमि ग्राम सभा से स्वीकृत होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा खेती की जा रही है। कलेक्टर ने एसडीओ तखतपुर को जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में राजस्व अभिलेखों में नाम सुधार, जाति प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता, किसान सम्मान निधि, बैंक ऋण, जप्त सामग्री वापसी एवं आवास ऋण से संबंधित अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS