अपराधियों पर कसता शिकंजा: एसएसपी रजनेश सिंह की सख्त रणनीति पर आईजी की मुहर

पुराने अपराध, गुंडा तत्व और महिला अपराध बने समीक्षा बैठक का केंद्र
बिलासपुर।बिलासगुड़ी स्थित कार्यालय में आईजी रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को बिलासपुर जिले के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, डीएसपी, एसडीओपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था। बैठक की शुरुआत में एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले में घटित प्रमुख अपराधों, उनकी वर्तमान स्थिति और कानून व्यवस्था की सामान्य जानकारी प्रस्तुत की।

जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की सख्त और फील्ड आधारित पुलिसिंग पर पुलिस महानिरीक्षक रेंज रामगोपाल गर्ग ने स्पष्ट मुहर लगाई है।समीक्षा बैठक में आईजी ने जिले की कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अपराधियों, विशेषकर गुंडा प्रवृत्ति के तत्वों पर निर्णायक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, सीएसपी, एसडीओपी तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे। समीक्षा की शुरुआत एसएसपी द्वारा जिले की अपराध स्थिति, सक्रिय अपराधियों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने से हुई। इसके बाद आईजी ने एक-एक थाना क्षेत्र की पुलिसिंग की बारीकी से समीक्षा की।
संवेदनशील क्षेत्रों और लंबित मामलों की समीक्षा

आईजी गर्ग ने कोतवाली, सिविल लाइन, मस्तूरी, कोटा और अजाक अनुविभाग की अलग-अलग समीक्षा की। उन्होंने थानों के संवेदनशील क्षेत्रों, अपराधों की प्रकृति और नियंत्रण की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों से पूछा गया कि किन क्षेत्रों में अपराध की पुनरावृत्ति हो रही है और उसे रोकने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक में वर्ष 2023 से पूर्व के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए गए। आईजी ने स्पष्ट कहा कि पुराने मामलों के लंबित रहने से जनता का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने संकेत दिए कि ऐसे मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
गुंडा तत्वों पर आक्रामक कार्रवाई के निर्देश
गुंडा तत्वों और शांति भंग करने वाले अपराधियों पर एसएसपी रजनेश सिंह की सख्त रणनीति को आगे बढ़ाते हुए आईजी ने निर्देश दिए कि जमानत पर रिहा बदमाशों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। वैधानिक प्रक्रिया के तहत जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। आईजी ने दो टूक कहा कि जिले में भय का वातावरण फैलाने वालों के लिए किसी भी तरह की नरमी नहीं होनी चाहिए।
फिंगर प्रिंट डाटा बेस मजबूत करने पर जोर

अपराध अनुसंधान में तकनीक के उपयोग को लेकर बैठक का विशेष फोकस रहा। आईजी रामगोपाल गर्ग ने अपराधियों और संदिग्धों के फिंगर प्रिंट का डाटा बेस बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों में दर्ज प्रकरणों के आरोपियों के फिंगर प्रिंट व्यवस्थित रूप से संग्रहित किए जाएं और उनका ऑनलाइन मिलान सुनिश्चित किया जाए। इससे चोरी, लूट, नकबजनी जैसे मामलों में आरोपियों की पहचान तेजी से की जा सकेगी।
छात्राओं की सुरक्षा पर सख्त रुख

महिला अपराधों को लेकर बैठक में सख्त रुख अपनाया गया। आईजी ने स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग, ईव टीजिंग और छेड़छाड़ की घटनाओं पर त्वरित व कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला अपराधों में लापरवाही को सीधे पुलिस की विफलता माना जाएगा।
नए बीट सिस्टम की सराहना
बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा लागू किए गए नए बीट सिस्टम को अपराध रोकथाम की मजबूत कड़ी बताया गया। आईजी ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे फील्ड पुलिस की जवाबदेही बढ़ी है और अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी आसान हुई है।
यातायात और ध्वनि प्रदूषण पर भी कार्रवाई
यातायात व्यवस्था, अवैध डीजे और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई को लेकर भी ठोस चर्चा हुई। कोलाहल अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे उपकरणों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतें संवेदनशीलता से सुनने और रिपोर्ट दर्ज करने में अनावश्यक देरी न करने की हिदायत दी गई।
निर्देशों के पालन में ढिलाई नहीं
बैठक के अंत में एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह ने सभी अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को चेतावनी दी कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि रेंज साइबर थाना और एआईसीसीयू यूनिट की समीक्षा अलग से की जाएगी।
बैठक में एएसपी मधुलिका सिंह, पंकज पटेल, रामगोपाल करियारे सहित जिले के सभी डीएसपी, एसडीओपी तथा थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
प्रधान संपादक


