Explore

Search

February 16, 2026 11:13 pm

माय भारत से मिली नई उड़ान-बागपत का ग्रामीण युवा अमन अब इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में करेगा देश के युवाओं का प्रतिनिधित्व

बागपत 16 फरवरी 2026 — युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायतशासी संगठन माय भारत से जुड़े बागपत के युवा स्वयंसेवक और यूथ मेंटर अमन कुमार, नई दिल्ली में आयोजित हो रही इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 में शामिल होंगे। “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” और “पीपुल, प्लैनेट, प्रोग्रेस” थीम पर आयोजित इस वैश्विक शिखर सम्मेलन में विभिन्न देशों के नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस मंच पर अमन कुमार ग्रामीण भारत के युवाओं की आकांक्षाओं, नवाचार और जमीनी अनुभवों का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि माय भारत पहल के उस विजन को साकार करती है, जिसके तहत देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण और नीति निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया जा रहा है।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में माय भारत संगठन देश के युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व, कौशल विकास और नवाचार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकसित भारत 2047 के निर्माण का भागीदार बनाना है। अमन कुमार की उपलब्धि इसी सोच का जीवंत उदाहरण है, जहां एक साधारण ग्रामीण परिवार से निकला युवा आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक अपनी पहचान बना रहा है।

बागपत जिले के एक सामान्य गांव में जन्मे अमन कुमार का बचपन आर्थिक तंगी और संघर्षों के बीच बीता। पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने कम उम्र में ही गांव-गांव साइकिल से अखबार बांटे और ट्यूबलाइट फैक्ट्री में मजदूरी की। लेकिन कठिन परिस्थितियों ने उनके संकल्प को कमजोर करने के बजाय और मजबूत किया। उन्होंने यह संकल्प लिया कि उनकी तरह कोई अन्य युवा अवसरों और जानकारी के अभाव में पीछे न रह जाए।

माय भारत से जुड़ने के बाद अमन कुमार को समाज और युवाओं के लिए कार्य करने की नई दिशा और मंच मिला। माय भारत के स्वयंसेवक और यूथ मेंटर के रूप में उन्होंने युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया। अमन कुमार ने युवाओं को अवसरों से जोड़ने के लिए प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 की स्थापना की, जिसके माध्यम से देश-विदेश की छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप और सरकारी योजनाओं की जानकारी 84 लाख से अधिक युवाओं तक पहुंच चुकी है। यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इसके साथ ही उन्होंने बागपत प्रशासन के सहयोग से कांवड़ यात्रा एप, स्वीप बागपत एप और सूचना सेतु एप जैसे डिजिटल नवाचार विकसित किए, जिनके माध्यम से लाखों नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हुई। यह प्रयास भारत सरकार की डिजिटल इंडिया और सुशासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर पर साकार करने का उदाहरण है।

अमन कुमार बताते हैं कि माय भारत से जुड़ने के बाद उन्हें पहली बार यह महसूस हुआ कि सरकार युवाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता के रूप में देख रही है। माय भारत के मार्गदर्शन और मंत्रालय के कार्यक्रमों ने उन्हें गांव से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर दिया। आज वह युवाओं को स्वयंसेवा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के मिशन पर कार्य कर रहे हैं।

अमन कुमार पूर्व में यूनेस्को की एआई रेडीनेस कंसल्टेशन में युवाओं का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और यूनेस्को की ग्लोबल यूथ कम्युनिटी के सदस्य हैं। उन्हें यूनिसेफ इंडिया द्वारा नेशनल यूथ एंबेसडर और माय भारत द्वारा यूथ मेंटर की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें स्वामी विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित किया, जो उनके योगदान और नेतृत्व क्षमता की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है। इसके अलावा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में उन्होंने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रधानमंत्री के समक्ष युवा शक्ति की भागीदारी को प्रस्तुत किया।

अमन कुमार का मानना है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता एआई और डिजिटल तकनीक युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि माय भारत जैसी पहल युवाओं को सही दिशा और मंच प्रदान कर रही है, जिससे वे देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में सहभागिता के माध्यम से वह ग्रामीण युवाओं के अनुभव और आकांक्षाओं को राष्ट्रीय नीति मंच तक पहुंचाएंगे।

अमन कुमार की यह उपलब्धि न केवल जनपद और प्रदेश, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरी है। माय भारत के माध्यम से उभरते ऐसे युवा विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह पहल युवाओं को सेवा, नवाचार और नेतृत्व से जोड़कर राष्ट्र के भविष्य को मजबूत बना रही है। बागपत के अमन कुमार की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब युवाओं को सरकार का विश्वास, सही मार्गदर्शन और अवसर मिलता है, तो वे न केवल अपने जीवन को बदलते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

अमन कुमार की कहानी नए भारत की उस बदलती तस्वीर को प्रस्तुत करती है, जहां गांव का युवा अब केवल सपने नहीं देखता, बल्कि उन्हें साकार कर देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS