Explore

Search

February 16, 2026 11:12 pm

मेरा युवा भारत के तहत अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का उद्घाटन

युवा अपनी शक्ति और विवेक से बनें समर्थ : क़ादर नवाज़ ख़ान

वर्धा, 16 फरवरी 2026 : महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के सहयोग से मेरा युवा भारत वर्धा द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का उद्घाटन समता भवन स्थित माधवराव सप्रे सभागार में किया गया। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव क़ादर नवाज़ ख़ान ने कहा कि युवाओं को अपनी शक्ति और विवेक के साथ समर्थ बनकर विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत वर्धा के उप-निदेशक शिवधन शर्मा ने की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे भी मंचासीन रहे। 16 से 20 फरवरी तक आयोजित इस पांच दिवसीय आदान-प्रदान कार्यक्रम में पुणे जिले से आए 37 युवा सहभागिता कर रहे हैं।

कुलसचिव क़ादर नवाज़ ख़ान ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि भारत सरकार युवाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से देश के विकास से जोड़ रही है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी के प्रेरक विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें तथा अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करें। उन्होंने समय प्रबंधन, संवाद कौशल और सकारात्मक सोच के माध्यम से लक्ष्य निर्धारण पर भी बल दिया।

मेरा युवा भारत के उप-निदेशक शिवधन शर्मा ने संगठन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं के समग्र विकास हेतु सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और उपक्रमों पर प्रकाश डाला। वहीं बी. एस. मिरगे ने विश्वविद्यालय की संरचना, सुविधाओं, शैक्षणिक विशेषताओं एवं पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवा वर्धा के ऐतिहासिक एवं प्रेरणास्रोत स्थलों बापू कुटी सेवाग्राम परमधाम आश्रम, पवनार, मगन संग्रहालय शांति स्तूप, गोपुरी आदि का भ्रमण करेंगे। साथ ही योग, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन सानिका तुरणकर ने किया तथा श्रावणी रावडे ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत वर्धा कार्यालय के दयाराम रामटेके शुभम ताकसांडे, सतीश इंगोले, नितेश बेसेकर सहित आदान-प्रदान कार्यक्रम में शामिल युवा उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS