नारायणपुर छत्तीसगढ़ ।नारायणपुर के थाना ओरछा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोड़पार गोमागल के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। 29वीं वाहिनी आईटीबीपी और नारायणपुर पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाकर उसे ध्वस्त किया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद एवं आईईडी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सली गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर 14 फरवरी 2026 को यह संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व द्वितीय कमान अधिकारी दीपक सेमल्टी कर रहे थे। कैंप धनौरा से रवाना हुई टीम में आईटीबीपी, एसएटी टीम एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान शामिल थे।

सघन तलाशी के दौरान जंगल क्षेत्र में छिपाए गए नक्सली डंप को चिन्हित कर सुरक्षा बलों ने उसे नष्ट किया। डंप से 12 बोर भरमार राइफल, सिंगल शॉट राइफल, पुराने मॉडल की भरमार बंदूकें, एलएमजी नाइट साइट, विभिन्न प्रकार के कारतूस, बीजीएल सेल, इंसास एलएमजी व एसएलआर मैगजीन सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक निर्माण से जुड़ी सामग्री बरामद की गई।
इसके अलावा इलेक्ट्रिक वायर, सोल्डरिंग आयरन, विभिन्न आकार के वायर कटर, स्क्रूड्राइवर सेट, नक्सली पिट्ठू व पाउच सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की गई है।

सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री से स्पष्ट संकेत मिलता है कि नक्सली संगठन क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था। समय रहते की गई इस कार्रवाई से नक्सलियों की योजना को विफल कर दिया गया है, जिससे उनके नेटवर्क और लॉजिस्टिक क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
जिला पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि नक्सल गतिविधियों से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को देकर शांति एवं विकास के प्रयासों में सहयोग करें।सुरक्षा बल नक्सलमुक्त सुरक्षित एवं विकसित नारायणपुर के संकल्प के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रधान संपादक


