भारत-यूरोप सभ्यतागत संवाद पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन,गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती का आयोजन
बिलासपुर, 11 फरवरी।भारत यूरोप के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भाजपा के आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक छत्तीसगढ़ पेशीराम जायसवाल को यूरोपीय संसद ब्रुसेल्स में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
यह औपचारिक आमंत्रण पोलैंड के यूरोपीय संसद सदस्य एवं विदेश मामलों की समिति AFET के सदस्य श्री ग्रेज़ेगॉर्ज ब्राउन द्वारा दिया गया है। सम्मेलन का आयोजन 18 फरवरी 2026 को यूरोपीय संसद में किया जाएगा।
भारत-यूरोप सभ्यतागत संवाद पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
सम्मेलन का विषय A New Opening: Prospects for Economic and Cultural Exchange within the EU–Asia Civilizational Dialogue है जिसमें भारत और यूरोप के बीच आर्थिक सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसमें पोलैंड की संसद सेजम के सदस्य विभिन्न यूरोपीय देशों के सांसद तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे।जायसवाल सम्मेलन में भारत एवं छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचार रखेंगे। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी और पोलिश क्राउन कन्फेडरेशन पार्टी के बीच द्विपक्षीय सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा प्रस्तावित है।
गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती का आयोजन
इसी क्रम में ब्रिटिश रविदास हैरिटेज फाउंडेशन के तत्वावधान में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग सदस्य श्रीमती रिनचेन लामो पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजेश बग्गा तथा पाथवे ग्लोबल अलायंस के सचिव उदय सूद सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री और विधायक ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जायसवाल को इस अंतरराष्ट्रीय अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी इसे संगठनात्मक विश्वास और सामाजिक सक्रियता का परिणाम बताते हुए शुभकामनाएँ दीं।
पूर्व में भी कर चुके हैं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व
उल्लेखनीय है कि पेशीराम जायसवाल इससे पूर्व वर्ष 2017 और 2024 में रूस में आयोजित वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।यह सहभागिता भारत यूरोप संबंधों को मजबूती देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की भूमिका को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करेगी।
प्रधान संपादक


