Explore

Search

April 14, 2026 8:41 pm

पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद, बरातियों ने युवक पर चाकू से किया हमला; दो आरोपी हिरासत में

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में शादी समारोह के दौरान पटाखा फोड़ने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रतनपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़वट निवासी पुष्पा धीवर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले के बनारी निवासी अभय धीवर की शादी गढ़वट निवासी रामकुमार धीवर की बेटी ललिता से तय हुई थी। मंगलवार रात अभय बरात लेकर गढ़वट पहुंचा था। रात करीब 11 बजे बराती नाचते-गाते दुल्हन के घर के पास पहुंचे। इसी दौरान किसी ने बरातियों और गांव वालों के बीच पटाखा फोड़ दिया। पटाखा फूटते ही दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों ओर से बहस तेज हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनका बेटा त्रिलोक धीवर विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचा था। वह झगड़ा कर रहे लोगों को शांत कराने और समझाइश देने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से त्रिलोक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्वजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज कर लिया है। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बनारी निवासी पुष्पेंद्र धीवर और भूपेंद्र धीवर को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS