Explore

Search

July 22, 2026 7:05 am

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, फरार आरोपी भिलाई से गिरफ्तार

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने भिलाई से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में युवती ने बताया कि वर्ष 2019 में उसकी पहचान ग्राम भरनी परसदा निवासी हेमंत कुमार यादव (25) से हुई थी। जान-पहचान बढ़ने के बाद युवक ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और इसी आधार पर उससे शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। युवती ने बताया कि जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया तो वह टालमटोल करने लगा। कुछ समय बाद आरोपी ने युवती से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी। इससे परेशान होकर युवती  पांच दिसंबर 2025 को आरोपी के घर ग्राम परसदा पहुंची। वहां आरोपी की मां और मामा ने युवती के साथ जातिगत गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही आरोपी की शादी युवती से करने से साफ इनकार कर दिया गया। घटना के बाद युवती ने पूरे मामले की शिकायत बिल्हा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामला अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (अजाक) डीएसपी डीआर टंडन को सौंपी गई। जांच के दौरान साक्ष्य और बयान के आधार पर मामले में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। इसी बीच आरोपी अपने घर से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि आरोपी भिलाई-चरोदा क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भिलाई में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल दाखिल कराया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS