Explore

Search

October 21, 2026 12:35 am

Video: रेलवे स्टेशन के पास मारपीट का वीडियो वायरल, दो युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के पास स्थित साईं के सामने एक युवक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद तारबाहर पुलिस हरकत में आ गई। वायरल फुटेज में दो युवक एक अन्य युवक के साथ मारपीट करते स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पेट्रोलिंग टीम ने  वीडियो में दिख रहे दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश कर दिया है।

तारबाहर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें साईं मंदिर रेलवे स्टेशन परिसर के पास एक युवक को बेरहमी से पीटते दो युवक नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद तारबाहर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पेट्रोलिंग पार्टी ने वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और खोजबीन कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयाज उर्फ अल्फाज पिता वहाब खान(20) निवासी करबला और रविराज पिता एन. एलेक्जेंडर(40) निवासी वेयर हाउस रोड के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।


सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर हो रही कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल हो रहे किसी भी आपत्तिजनक या आपराधिक वीडियो पर पुलिस की कड़ी नजर रहती है। किसी भी प्रकार की मारपीट, उत्पात या सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। तारबाहर पुलिस की इस तेज कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश गया है। वहीं, पुलिस ने अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS